
कोतबा/जशपुर:-नगर पंचायत कोतबा के मिलनसार और होनहार युवक अनुराग शर्मा उर्फ हंसु (उम्र लगभग 35 वर्ष) आखिरकार जिंदगी की जंग हार गए। विगत 14 जून 2026 की रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद, रायपुर के एम.एम.आई. नारायणा अस्पताल में लगातार चले गहन उपचार के बाद आज 2 सितंबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। अनुराग के निधन की खबर मिलते ही पूरे कोतबा नगर व आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय नागरिकों में लापरवाही और नशेडियों के आतंक के प्रति भारी आक्रोश है।
14 जून की वह काली रात जब उजड़ गईं खुशियां..!
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 14 जून 2026 की रात करीब 9:00 बजे की है। अनुराग शर्मा अपनी मोटरसाइकिल होंडा शाइन (CG 13 BF 2209) से राम मंदिर पारा से सुकबासु पारा (वार्ड 14) स्थित अपने घर लौट रहे थे। लैलूंगा मुख्य मार्ग पर पुस्तम यादव (गुरुजी) के घर के सामने पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पल्सर सवार भूपेंद्र सिंह और उसका साथी विश्वनाथ उर्फ विष्णु अत्यधिक नशे की हालत में थे और वाहन अत्यंत अनियंत्रित गति से चला रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनुराग सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर व माथे पर गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। इंसानियत को शर्मसार करते हुए दोनों आरोपी युवक घायल अनुराग को लहूलुहान और तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गए थे।
लंबा संघर्ष और टूटी उम्मीदें..!
दुर्घटना के फौरन बाद स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र कोतबा में प्राथमिक उपचार उपरांत नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर किया था। रायपुर के एम.एम.आई. नारायणा अस्पताल के आईसीयू (ICU) में अनुराग जिंदगी और मौत के बीच लगातार संघर्ष करते रहे। वृद्ध पिता योगेंद्र शर्मा और पूरा परिवार दिन-रात उनके सकुशल लौटने की प्रार्थनाएं करता रहा, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। आज 2 सितंबर की सुबह आखिरकार अनुराग की सांसें थम गईं।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग..!
पीड़ित पिता योगेंद्र शर्मा ने घटना के तुरंत बाद पुलिस चौकी कोतबा (थाना बागबहार) में नामजद आरोपियों भूपेंद्र सिंह एवं विश्वनाथ के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। अब अनुराग के निधन के बाद यह मामला गैर-इरादतन हत्या/सड़क दुर्घटना में मृत्यु की गंभीर धाराओं में तब्दील हो गया है। स्थानीय जनता व परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
कल सुबह निकलेगी अंतिम यात्रा..!
दिवंगत अनुराग शर्मा (हंसु) का पार्थिव शरीर रायपुर से गृहग्राम कोतबा लाया जा रहा है। उनकी अंतिम यात्रा दिनांक 03 सितंबर 2026 (गुरुवार) को प्रातः 09:00 बजे उनके निज निवास ‘राम मंदिर पारा, कोतबा’ से स्थानीय मुक्तिधाम के लिए प्रस्थान करेगी।
