• 41 लाख रुपये से अधिक का मशरूका बरामद; चार दिनों में सवा टन गांजा और ₹6.22 करोड़ की जब्ती कर पुलिस ने तोड़ी तस्करों की कमर
    कोतबा/जशपुरनगर:-मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार काल साबित हो रहा है। आईजी (सरगुजा रेंज) दीपक कुमार झा एवं डीआईजी व एसएसपी (जशपुर) डॉ. लाल उमेद सिंह के सख्त निर्देशन में सीमावर्ती इलाकों में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने चार दिनों के भीतर तीसरी बड़ी सफलता हासिल की है।
    सोमवार को कोतबा पुलिस ने मुखबिर की पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से तस्करी कर लाई जा रही 72 किलो से अधिक गांजे की खेप पकड़ी और एक आदतन तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। जब्त गांजे, तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन सहित कुल मशरूका की कीमत लगभग 41.20 लाख रुपये आंकी गई है।
    घेराबंदी कर जामझोर में दबोचा गया तस्कर..!
    सोमवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीसा सीमा से एक मारुति स्विफ्ट कार (क्र. OD-23-E-8034) में गांजे की बड़ी खेप जशपुर जिले में खपाने के लिए लाई जा रही है। सूचना मिलते ही अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतबा पुलिस टीम ने ग्राम जामझोर के पास घेराबंदी की।
    संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर डिक्की से दो बोरियां बरामद हुईं, जिनमें प्लास्टिक टेप से लिपटे हुए 70 पैकेट मिले। विधिवत तौल कराने पर कुल 72 किलो 340 ग्राम गांजा (अनुमानित बाजार मूल्य ₹36 लाख) निकला। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त कार (मूल्य ₹5 लाख) और एक मोबाइल फोन (मूल्य ₹20 हजार) जब्त कर लिया।

सफेमा (SAFEMA) एक्ट में संपत्ति कुर्क होने के बाद भी नहीं सुधरा आरोपी..!
पकड़ा गया आरोपी रोहित यादव (35 वर्ष), निवासी जामझोर, दर्रा पारा (चौकी कोतबा) आदतन गांजा तस्कर है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार:
आरोपी के खिलाफ पहले कोतबा चौकी में एनडीपीएस के दो मामलों में 34 किलो गांजा जब्त हो चुका है।
अंबिकापुर कोतवाली में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में उससे करीब 105 किलो गांजा बरामद किया गया था।
पूर्व अपराधों के चलते ‘सफेमा एक्ट’ के तहत उसकी कार व बाइक समेत 40 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क (फ्रीज) की जा चुकी है।
इसके बावजूद उसने दोबारा नशे का जाल फैलाना शुरू कर दिया। आरोपी के विरुद्ध थाना बागबहार (चौकी कोतबा) में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
चार दिनों का बड़ा स्ट्राइक: 1.14 टन गांजा और ₹6.22 करोड़ की जब्ती..!
जशपुर पुलिस ने पिछले 96 घंटों में तस्करों के पूरे नेटवर्क को हिलाकर रख दिया है:

  • कुल गांजा बरामद: 1 टन 145 किलो 350 ग्राम (मूल्य लगभग ₹5.72 करोड़)।
  • जब्त वाहन: तस्करी में शामिल 3 चौपहिया वाहन (कीमत ₹50 लाख से अधिक)।
  • कुल जब्ती: ₹6.22 करोड़ का मशरूका।
  • इससे पूर्व लावाकेरा चेक पोस्ट पर पुलिस ने 6 क्विंटल 32 किलो गांजा पकड़कर तस्करों को बड़ा झटका दिया था।
    > नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस!

“जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ अपराध की कमाई से बनाई गई संपत्तियों को कुर्क और राजसात करने की सख्त प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।”
— डॉ. लाल उमेद सिंह, डीआईजी एवं एसएसपी, जशपुर

इस सफल कार्रवाई में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी (पत्थलगांव) डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, चौकी प्रभारी एसआई बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक छवि कांत पैंकरा, अजय खेस, आरक्षक पुस्तम यादव, दिलीप नाग और प्रवीण खलखो की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Created with ❤