0.जल संसाधन विभाग और ठेकेदार की लापरवाही से आस्था का मार्ग बना मुसीबत, प्रशासन मौन

​जशपुर /कोतबा:- धर्मनगरी कोतबा के प्रमुख आस्था केंद्र सतीघाट शिवधाम जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। स्थानीय प्रशासन, जल संसाधन विभाग और ठेकेदारों की घोर लापरवाही के कारण, आस्था का यह महत्वपूर्ण मार्ग पिछले एक साल से कीचड़ और दलदल में तब्दील हो चुका है, जिससे वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से रुक गया है।
​सावन की आहट से श्रद्धालुओं को आवागमन में दलदली सड़क से भारी परेशानी होगी हैरत की बात यह है कि पिछले वर्ष भी सतीघाट में स्टॉप डैम निर्माण के दौरान सीसी रोड को उखाड़े जाने को लेकर मीडिया में प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की गई थीं। तब संबंधित ठेकेदार और विभाग द्वारा इसे जल्द ही दुरुस्त करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन, एक साल बीत जाने के बाद भी जमीनी हकीकत जस की तस है और शासन-प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है।
​ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, बरसात की शुरुआत के साथ ही इस कच्ची सड़क पर जगह-जगह घुटनों तक पानी और कीचड़ भर गया है। स्थिति इतनी भयावह है कि यहां वाहनों का चलना तो दूर, पैदल चलना भी दूभर हो गया है। महज कुछ ही दिनों में सावन का पवित्र महीना शुरू होने वाला है। सावन के महीने और विशेषकर सोमवार को यहां जिले सहित राज्य भर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक करने के लिए पहुंचते हैं। लेकिन वर्तमान बदहाल स्थिति को देखते हुए, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

​नगरवासियों में भारी आक्रोश

विदित हो कि सतीघाट स्टॉप डैम के निर्माण के समय ठेकेदार द्वारा पुरानी सीसी रोड को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। एक साल का लंबा समय बीत जाने के बाद भी हालात नहीं सुधरे हैं, जिससे नगरवासियों में भारी आक्रोश है। धर्मनगरी कोतबा का यह मंदिर पूरे जशपुर जिले में आस्था का एक बहुत बड़ा केंद्र है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि सावन माह को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द इस जर्जर सड़क का सुधार कार्य करवाया जाए, ताकि भक्तों को कीचड़ भरे रास्तों से न गुजरना पड़े। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस दिशा में कितनी जल्दी कदम उठाता है या फिर इस वर्ष भी भक्तों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

मंदिर समिति के सदस्य ने बताई परेशानी

वर्शन:-बसंत कुमार गुप्ता (स्थानीय निवासी एवं श्रद्धालु)

“मैं प्रतिदिन सुबह-शाम बाबा के दर्शन के लिए जाता हूं। आज सुबह कार से जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पिछले एक साल से यह सड़क उखड़ी हुई है। कुछ ही दिनों में सावन शुरू होने वाला है जिसमें हजारों श्रद्धालु आते हैं। अगर सावन से पहले इस सड़क को नहीं बनाया गया, तो भक्तों को भारी परेशानी होगी। गाड़ी तो दूर, इसमें पैदल चलना भी मुश्किल है। मैं चाहता हूं कि इस जर्जर सड़क का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए ताकि बाबा के भक्तों को परेशानी न हो।

वर्शन:- टी.आर.यादव सीएमओ नगर पंचायत कोतबा!

मामले की जानकारी मिली इस संबंध में जल संसाधन विभाग से सार्थक चर्चा कर सड़क निर्माण कराया जाएगा वर्तमान में वैकल्पिक व्यवस्था कर श्रद्धालुओं के आवागमन की उचित वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।

वर्शन:- नरेंद्र सिंहा एसडीओ जलसंसाधन विभाग पत्थलगांव!

मामले को लेकर उन्होंने कहा कि उस दौरान हमारे विभाग के ई साहब का जाना हुआ था.इस मामले को उनसे बात करके ही बता सकता हूँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Created with ❤