
फरसाबहार/जशपुर। जिले के कांसाबेल विकाश खंड क्षेत्र अंतर्गत संकट मोचन हनुमान मंदिर, बंदरचुआं में आगामी 19 से 21 जुलाई 2026 तक 24 घंटे (आठ प्रहरी) श्री हरि अखंड कीर्तन नाम यज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर समिति एवं ग्रामीणों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
आमंत्रण पत्र के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ 19 जुलाई (रविवार) को प्रातः 10 बजे कलश यात्रा एवं अधिवास के साथ होगा। इसके बाद 20 जुलाई (सोमवार) को प्रातः 8 बजे से नामोच्चारण प्रारंभ किया जाएगा।
आयोजन का समापन 21 जुलाई (मंगलवार) को नाम समापन, दधिभंजन, पूर्णाहुति, आरती, हवन एवं महाप्रसाद वितरण के साथ होगा। धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस आयोजन के मुख्य यजमान वासुदेव प्रजापति (पुजारी जी), श्रीमती देववती बाई प्रजापति तथा श्री सुखलाल प्रजापति एवं श्रीमती मनकुवेर देवी हैं। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।
