
कोतबा:- जिले में अवैध नशीले पदार्थों और शराब की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत चौकी कोतबा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 60 शीशियों में कुल 15 लीटर 100 मिलीलीटर अंग्रेजी शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
रविवार यानी कल चौकी कोतबा पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक अपने पास रखे पिट्ठू बैग में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरकर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-14-MV-1725) से कोतबा से ग्राम गोलियागढ़ की ओर अवैध बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहा है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतबा पुलिस हरकत में आई और तत्काल कोतबा स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास सख्त नाकाबंदी की। इसी दौरान बताए गए हुलिए और नंबर वाली मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस बल ने सतर्कता बरतते हुए चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम केतन बंजारा (उम्र 21 वर्ष), निवासी गोलियागढ़ (माझापारा), चौकी कोतबा, जिला जशपुर (छ.ग.) बताया। जब पुलिस ने उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग की विधिवत तलाशी ली, तो उसमें विभिन्न ब्रांड्स की सीलबंद अंग्रेजी शराब बरामद हुई:
जिसमे सिम्बा बीयर 05 नग (675 एमएल प्रत्येक)
मैकडॉनल नंबर-1 व्हिस्की 05 नग (375 एमएल प्रत्येक)
इंपीरियल ब्लू व्हिस्की 05 नग (375 एमएल प्रत्येक)
सीजी टाइन व्हिस्की 25 नग (180 एमएल प्रत्येक)
ब्लफ मास्टर व्हिस्की 20 नग (180 एमएल प्रत्येक)
इस प्रकार कुल 60 शीशियों में 15 लीटर 100 मिलीलीटर शराब बरामद की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 11,625 रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम द्वारा शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित वैध कागजात मांगे जाने पर आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों के समक्ष पूरी शराब और घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन बाइक को विधिवत जब्त कर लिया।
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने और अपराध स्वीकार करने पर आरोपी केतन बंजारा के विरुद्ध चौकी कोतबा में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्यवाही को सफलतापूर्वक अंजाम देने में चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश यादव, सहायक उप निरीक्षक अपलेजर खेस, आरक्षक दिलीप नाग, आरक्षक सुभाष पैंकरा एवं आरक्षक अमित साय की भूमिका सराहनीय रही।
