
कोतबा/जशपुर:-स्थानीय क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थान पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम आदर्श विद्यालय (सेजेश) कोतबा के छात्र-छात्राओं ने खेल के मैदान में एक बार फिर विद्यालय का मान बढ़ाया है। गत 10 अगस्त 2026 को आयोजित जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में विद्यालय के चार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक और रणनीतिक क्षमता का लोहा मनवाते हुए अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना गौरवशाली स्थान पक्का किया है।
संभाग स्तर पर अपनी बौद्धिक प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे ये मेधावी छात्र
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बीच शानदार चालें चलते हुए जिन चार मेधावी खिलाड़ियों ने संभाग स्तर के लिए टिकट हासिल किया है, उनके नाम
नमन शर्मा,रमन खूंटे,समीर लकड़ा,दमयंती यादव हैं।
विद्यालय परिवार में हर्ष और उल्लास का माहौल..!
विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र में अभूतपूर्व हर्ष व्याप्त है। शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों ने इसे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, एकाग्रता और नियमित अभ्यास का परिणाम बताया है।
विद्यालय परिवार की ओर से सभी चयनित प्रतिभावान विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं आत्मीय शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है। शिक्षकों का मानना है कि इन विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य बच्चों को भी शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों और खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
संस्था के प्राचार्य जेके सिदार ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि हमारे ये होनहार खिलाड़ी संभाग स्तर पर ही नहीं, बल्कि आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र एवं पूरे जिले का नाम रोशन करेंगे।
