​कोतबा/जशपुरनगर:
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां गौ हत्या कर मांस का बंटवारा कर रहे लोगों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ धर दबोचा है। इस मामले में पुलिस ने अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में गौ मांस, मवेशी के अवशेष और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जाने की बात कही जा रही हैं। फरार अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

​सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतबा क्षेत्र के बैगाबहार वार्ड की है। बीती रात लगभग 9 बजे बस्ती से कुछ दूरी पर स्थित एक सुनसान खेत में कुछ लोग एक बैल की हत्या कर उसके मांस का आपस में बंटवारा कर रहे थे। इसी बीच किसी जागरूक मुखबिर ने इस बात की भनक पुलिस को दे दी। गौ-हत्या जैसी संवेदनशील सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना एक भी पल गंवाए घटनास्थल के लिए कूच किया और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।

​पुलिस को देख मची भगदड़, रात भर चली छापेमारी..!
​पुलिस टीम को अचानक अपने सामने देख मांस का बंटवारा कर रहे आरोपियों में हड़कंप मच गया। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भागने लगे। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से कुछ आरोपियों को मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया गया।
इसके बाद, पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पूरी रात इलाके की खाक छानी और ताबड़तोड़ दबिश देकर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। अब तक कुल 10 लोगों को पुलिस हिरासत में लिया जा चुका है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए सभी आरोपी बैगाबहार के ही रहने वाले हैं।


​इस जघन्य कृत्य के सामने आने के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल है। पुलिस फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों और किसी भी संभावित नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
​बहरहाल, अभी तक इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रेस नोट या बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा हो रही है और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Created with ❤