
कोतबा:-नगर पंचायत कोतबा के वार्ड क्रमांक 13, इंदिरा नगर (लैलूंगा रोड) में श्रद्धा और भक्ति का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को क्षेत्र के निवासियों ने एकजुट होकर सार्वजनिक श्री शनिदेव मंदिर निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमिपूजन संपन्न किया। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि सामाजिक समरसता के दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।

भूमिपूजन का यह पावन कार्यक्रम माँ बनभौरी मंदिर, गंझियाडीह के प्रसिद्ध पुजारी मनीष कृष्ण शास्त्री के सानिध्य में संपन्न हुआ। शास्त्री जी ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा में बैठे यजमान जोड़ों को विधिवत पूजन कराया और मंदिर निर्माण के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। सुबह 8:00 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में पूरा वातावरण “जय शनिदेव” के उद्घोष से गुंजायमान रहा।
उल्लेखनीय है कि जिस स्थान पर आज भूमिपूजन किया गया, वहां पूर्व में नगर पंचायत द्वारा शनिदेव मंदिर हेतु एक चबूतरे का निर्माण कराया गया था। लंबे समय से वहां मूर्ति स्थापना और उचित रखरखाव न होने के कारण स्थल उपेक्षित था। इसे देखते हुए वार्ड क्रमांक 13 के सक्रिय निवासियों और नगरवासियों ने एक सराहनीय संकल्प लिया।
शनि शिगणापुर से आएगी प्रतिमा.!
ग्रामीणों ने संकल्प लिया है कि मंदिर में स्थापित होने वाली शनिदेव की प्रतिमा प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शनि शिगणापुर से लाई जाएगी।
इस मंदिर का निर्माण.जनसहयोग और वार्डवासियों की सक्रियता से किया जा रहा है।
इस मांगलिक अवसर पर नगर पंचायत के पार्षद पंकज शर्मा,पूर्व पार्षद सुनील शर्मा,अरुण जांगड़े,वार्डवासी दिनेश ठाकुर,पीताम्बर साहू,विजय साहू,जंगलू साहू, सहित अन्य पार्षदगण, विभिन्न नगर के गणमान्य नागरिक सपरिवार शामिल हुए। वार्ड क्रमांक 13 के निवासियों की इस सक्रियता और धार्मिक सजगता की पूरे नगर में प्रशंसा की जा रही है।
श्रद्धालुओं में हर्ष का माहौल
मंदिर निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। श्री शनिदेव सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं को शनिदेव की आराधना के लिए एक भव्य और पवित्र स्थान प्राप्त होगा।
