
कोतबा/जशपुरनगर:
शिक्षा विभाग में अक्सर सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन और अन्य लाभों के लिए कर्मचारियों को दफ्तरों के चक्कर काटते देखा जाता है, लेकिन जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड में एक नई और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। यहाँ विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) श्री वेदानंद आर्य की सक्रियता से शिक्षकों को सेवानिवृत्ति के दिन ही उनके हक के दस्तावेज सौंपे जा रहे हैं।
विदाई के साथ मिली भविष्य की सुरक्षा
31 मार्च 2026 को शासकीय प्राथमिक शाला कोईलारभदरा के प्रधान पाठक श्री वेदराम पैंकरा अपनी लंबी और गौरवशाली सेवाओं के बाद सेवानिवृत्त हुए। इस विदाई को यादगार बनाते हुए विभाग ने उन्हें उनकी सेवानिवृत्ति तिथि पर ही पेंशन अदायगी आदेश (PPO) और सभी आवश्यक दस्तावेज सौंप दिए।
खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान बीईओ श्री आर्य ने श्री पैंकरा का मुँह मीठा कराया और उन्हें मिठाई खिलाकर उनके सुखमय व स्वस्थ सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामना की।
शाल और श्रीफल से हुआ सम्मान
समारोह में कार्यालय स्टाफ की उपस्थिति में श्री वेदराम पैंकरा को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान बीईओ श्री वेदानंद आर्य ने उनके लंबे शैक्षणिक सेवाकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा दिया गया योगदान अमूल्य है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन का परिणाम
यह सराहनीय पहल संयुक्त संचालक शिक्षा श्री संजय गुप्ता एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र सिन्हा के कड़े निर्देशों और मार्गदर्शन का परिणाम है। विभाग का लक्ष्य है कि किसी भी शिक्षक को सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक प्रक्रियाओं के लिए भटकना न पड़े।
कर्मचारियों में हर्ष का माहौल
शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया है। शिक्षकों का कहना है कि सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ मिलना न केवल मानसिक शांति देता है, बल्कि विभाग के प्रति सम्मान और विश्वास को भी बढ़ाता है।
