जालंधर। जालंधर ग्रामीण क्षेत्र के गांव खांबड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके पति करण को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी दोनों ही लंबे समय से नशे के आदी थे।

जानकारी के अनुसार मनप्रीत गांव की एक कोठी में काम करती थी और अपने पति के साथ वहीं बने एक कमरे में अलग रहती थी। शनिवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो आसपास के लोगों को शक हुआ। कमरे में जाकर देखा गया तो मनप्रीत मृत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।

मृतका के ससुर रूप लाल ने बताया कि उनका बेटा करण और बहू मनप्रीत लंबे समय से नशे के गंभीर आदी थे। इसी वजह से उनके पारिवारिक संबंध खराब हो गए थे और दोनों परिवार से अलग रह रहे थे। गांव की महिला सरपंच ने भी बताया कि यह दंपति पिछले कुछ समय से गांव में रह रहा था और नशे की लत में बुरी तरह फंसा हुआ था।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी संजीव और एएसआई कश्मीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, हालांकि हत्या की आशंका को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। थाना प्रभारी संजीव ने बताया कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद से गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *